खाई में गिरी पिकअप, पांच लोगों की मौत, 2 घायल, शिमला के कोटखाई में दर्दनाक सडक़ हादसा

प्रदेश में बरसात का मौसम में पहाड़ी मार्गों पर फिसलन और तंग सडक़ों के बीच वाहन दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को शिमला के कोटखाई थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले ज्यादातर लोग नेपाली मूल के श्रमिक बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार को दिन के समय सड्डपर्क मार्ग पर एक पिकअप वाहन लिंक रोड से गुजर रहा था कि अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। खाई में गिरते ही घटनास्थल पर चीखो पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही कोटखाई थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। घायलों को तुरंत खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। कोटखाई के एसएचओ ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। इनमें से दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान जान गंवाई, वहीं 2 घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया पुलिस द्वारा जारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। फिलहाल कोटखाई पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *