लोग बिजली की समस्या से जूझते रहे, मनाली में मौज करता रहा कार्यकारी अभियंता, हुआ सस्पेंड

केलांग। लाहौल-स्पीति उपायुक्त किरण भड़ाना ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के कार्यकारी अभियंता विजय कुमार ठाकुर को कर्तव्य में लापरवाही और एक महिला अधिकारी से कथित दुर्व्यवहार के आरोप में निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि विजय ठाकुर, प्रशासन को सूचित किए बिना लगभग एक महीने तक अनुपस्थित रहे, जिससे बिजली आपूर्ति में भारी परेशानी हुई, जबकि जिला प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा था। बार-बार बिजली कटौती से अस्पताल, घर और राहत कार्य प्रभावित हुए।

उनकी केलांग में डयूटी थी पर वे मनाली में ही रुके रहे। जब उन्हें एक सितंबर को ड्यूटी पर आने का विशेष निर्देश मिला, तो उन्होंने आदेश की अनदेखी की। उन्होंने मंगलवार को भी आपदा की स्थिति का हवाला देते हुए रिपोर्ट करने से इनकार कर दिया, जबकि अन्य विभागों के अधिकारी किसी तरह अपनी डयूटी कर रहे थे। उनकी लंबी अनुपस्थिति, निर्देशों का पालन न करने और एक साथी अधिकारी से दुर्व्यवहार की शिकायतों को देखते हुए, विद्युत बोर्ड ने उन्हें निलंबित करने का नोटिस जारी किया। मामले की जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि आपदा प्रबंधन कार्यों के दौरान लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कदम राज्य सरकार के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित राज्य में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम (एनडीएमए) लागू करने के बाद उठाया गया है। यह अधिनियम जिलाधिकारियों को आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अधिकार देता है। इसके प्रावधानों के अनुसार, आवश्यक सेवाओं में कार्यरत सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *