माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग नाहन की पूर्व छात्रा, लेफ्टिनेंट इशानी ठाकुर ने सैन्य नर्सिंग सेवा (MNS) में नियुक्त होकर अपने कॉलेज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वर्तमान में वे अंबाला स्टेशन पर तैनात हैं और सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवा का गौरवपूर्ण हिस्सा बनी हैं।
इशानी ठाकुर ने वर्ष 2013 से 2017 तक माता पद्मावती कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की थी। उनके समर्पण, अनुशासन और नेतृत्व कौशल ने उन्हें यह प्रतिष्ठित अवसर दिलाया। कॉलेज प्रशासन और समस्त स्टाफ ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।
कॉलेज के अध्यक्ष अनिल जैन ने कहा, “हमारे यहां दी जाने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण ही हमारे छात्रों को सरकारी सेवाओं में सफलता दिलाने में सहायक है। लेफ्टिनेंट इशानी इसकी मिसाल हैं।” महासचिव सचिन जैन ने बधाई देते हुए कहा कि “यह पूरे संस्थान के लिए गौरव का क्षण है। मैं प्रधानाचार्या व स्टाफ को भी धन्यवाद देता हूं जिन्होंने इशानी जैसे छात्रों को ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
कॉलेज की प्रिंसिपल ने कहा कि इशानी की सफलता संस्था की मूल्यों-आधारित शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक प्रशिक्षण को संतुलित रूप से प्रदान किया जाता है ताकि छात्र हर चुनौती के लिए तैयार रहें। कॉलेज का वातावरण छात्राओं के लिए सुरक्षित आवासीय सुविधाओं, शांतिपूर्ण परिसर और नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा प्रदान करता है। यही कारण है कि यहां के स्नातक आज देश-विदेश के मल्टी-स्पेशलिटी अस्पतालों में सेवाएं दे रहे हैं।
कॉलेज ने हाल ही में एक जर्मन प्लेसमेंट सेल भी स्थापित किया है, जो इच्छुक छात्रों को अंतरराष्ट्रीय करियर के अवसर प्रदान करता है। पूरे स्टाफ, संकाय और पूर्व छात्रों ने लेफ्टिनेंट इशानी ठाकुर को बधाई देते हुए उनकी निरंतर सफलता और राष्ट्र सेवा के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
