यमुनानगर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार जिला पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सीआईए-1 टीम ने 27 जुलाई को एक महिला से छीना-झपटी कर फरार हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
सीआईए-1 के इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संदीप निवासी कुटीपुर और सागर निवासी दशोरा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर छछरौली क्षेत्र में एक दुकान पर आए थे और मौके पर मौजूद एक महिला से 2000 छीनकर फरार हो गए थे। यह घटना 27 जुलाई की है और इसके बाद से ही पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी।
पीडि़ता द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर सुखदेव कपिल, एएसआई जगतार, अवतार, मनीष, सुशील और कुलदीप पासवान को शामिल किया गया। उन्हें त्रिवेणी चौक, छछरौली से काबू कर लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी इससे पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनका किसी बड़े गिरोह से कोई संबंध तो नहीं है।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने सीआईए-1 टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यमुनानगर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत मे भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नागरिकों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। छछरौली क्षेत्र के लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की और उम्मीद जताई कि ऐसे अपराधों पर पूरी तरह लगाम लगेगी।
