पांवटा साहिब : कोलर में खड़े ट्राले से टकराई स्कूटी, रिटायर फौजी की मौत

पांवटा साहिब उपमंडल के अंतर्गत माजरा थाना क्षेत्र के कोलर में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक रिटायर्ड फौजी की मौत हो गई। मृतक की पहचान ऋषिपाल धीमान (निवासी जोगीबन बोहलियों) के रूप में हुई है, जो सेना की 7 जैक राइफल से सेवानिवृत्त होकर टाटा मिनरल वाटर कंपनी में सिक्योरिटी अफसर के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, ऋषिपाल बुधवार रात ड्यूटी समाप्त कर अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कोलर के पास पहुंचे, एक हरियाणा नंबर के खड़े ट्रक से उनकी स्कूटी जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सीधी ट्रक (HR 65A-7637) के अंदर जा घुसी।

धमाके की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और रिटायर्ड फौजी प्रेमपाल ने तुरंत उन्हें अपनी कार से मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया। लेकिन वहां इलाज के दौरान ऋषिपाल धीमान ने दम तोड़ दिया।

गांववासियों ने बताया कि हादसे के वक्त ट्रक सड़क के बीचोंबीच खड़ा था और उसमें बजरी भरी हुई थी। ट्रक का पाइप टूट गया था, जिसे चालक और परिचालक सड़क पर ही सुधार रहे थे। इस दौरान उन्होंने न तो कोई इंडिकेटर लगाया और न ही ट्रक में कोई चेतावनी लाइट जलाई। अंधेरे में बिना संकेत दिए ट्रक सड़क पर खड़ा कर दिया गया था, जो हादसे का कारण बना।

हादसे के बाद जब ग्रामीणों ने चालक से लाइट न जलाने के बारे में पूछा, तो वह तब जाकर लाइट जलाने की कोशिश करने लगा। लेकिन ग्रामीणों ने उसे ऐसा करने से रोक दिया।
उधर, माजरा पुलिस ने दुर्घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *