सिरमौर राजकीय महाविद्यालय भरली (आंज-भोज) में रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। इस दिवस का उद्देश्य दुनिया भर में युवाओं से जुड़े मुद्दों, चुनौतियों और अवसरों पर ध्यान केंद्रित करना तथा सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से युवाओं को अवगत कराना था।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रितु पंत ने अपने प्रेरक संबोधन में छात्रों को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की महत्ता से परिचित कराया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की रीढ़ बताते हुए कहा कि उन्हें अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगानी चाहिए। डॉ. पंत ने विशेष रूप से महान दार्शनिक और आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेने का आग्रह किया और छात्रों से उनके जीवन परिचय को गहराई से पढ़ने तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलने की अपील की।
रेड रिबन क्लब की प्रभारी प्रोफेसर रेखा शर्मा ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए इस दिवस के ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस युवाओं को सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम में लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया और प्रेरणादायक उद्बोधनों से महत्वपूर्ण सीख प्राप्त की। इस अवसर पर प्रो. टी.एस. चौहान, प्रो. स्वाति, प्रो. सुनील, चिंतामणि, नमित कपूर, सोनम और अंजना सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
