हिमाचल में दरकी पहाड़ी- चलती पिकअप पर गिरे बड़े-बड़े पत्थर, गाड़ी में सवार थे दो लोग

हिमाचल प्रदेश में बारिश के चलते भूस्खलन और पहाड़ी दरकने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुल्लू जिला के आनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लुहरी-दलाश मार्ग पर बड़ा हादसा हुआ, जब कानी नाला मोड़ पर चलती पिकअप पर अचानक ऊपर से भारी पत्थर गिर गए। जानकारी के अनुसार, एक पिकअप वाहन लुहरी की ओर जा रहा था। जब वाहन कानी नाला मोड़ के समीप पहुंचा तो अचानक ऊपर से चट्टानों के साथ भारी पत्थर गिरने लगे।

उनमें से एक बड़ा बोल्डर सीधा पिकअप की छत पर गिरा, जिससे वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने बड़ी सूझबूझ से वाहन को एक ओर मोड़ कर रोका, जिससे बड़ा हादसा टल गया।घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मदद के लिए दौड़ लगाई और घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों को खनेरी अस्पताल पहुंचाया।

दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों दूध की गाड़ी में काम करते थे और दूध लेने जा रहे थे।इस घटना के बाद लोक निर्माण विभाग और पुलिस ने क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही को कुछ समय के लिए रोका और पहाड़ी की स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि बारिश के मौसम में पहाड़ी रास्तों पर बेहद सतर्कता बरतें, खासकर उन स्थानों पर जो पहले से ही भूस्खलन संभावित क्षेत्र माने जाते हैं।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कानी नाला मोड़ लंबे समय से खतरनाक स्थिति में है और वहां सुरक्षा इंतजाम बेहद ज़रूरी हैं। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर रिटेनिंग वॉल और सुरक्षा नेट लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *