हिमाचल से जम्मू के लिए एचआरटीसी बसें दोबारा शुरू, यहां जानें समयसारिणी

धर्मशाला, 28 सितंबर। एचआरटीसी मंडल कांगड़ा-चम्बा ने जम्मू क्षेत्र के लिए बस सेवाओं को एक बार फिर बहाल कर दिया है। पिछले चार दिनों से ट्रायल के तौर पर चलाई जा रही बसें अब नियमित रूप से जारी रहेंगी। निगम ने पालमपुर डिपो से जम्मू और कटरा के लिए दो-दो बसें, नगरोटा बगवां से जम्मू के लिए दो बसें, धर्मशाला से उधमपुर के लिए एक बस और पठानकोट से कटरा के लिए दो बसें चलाने का निर्णय लिया है। हालांकि, चम्बा डिपो से जम्मू-कटरा के लिए चलने वाली बस फिलहाल बंद है।

गौरतलब है कि हाल ही में जम्मू-कठुआ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी बारिश और बाढ़ से यातायात प्रभावित हुआ था। कठुआ जिले के कालीबाड़ी में सेहर खड्ड पर बने पुल का एक पिल्लर धंस जाने से यातायात रोकना पड़ा था, जबकि साम्बा के पास बसंतर नाले का पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ था। मरम्मत के बाद अब मार्ग बहाल तो हो गया है, लेकिन जम्मू-लखनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात धीमी गति से चल रहा है और कई बार जाम की स्थिति भी बन रही है।

एचआरटीसी द्वारा निर्धारित समयसारिणी के अनुसार पालमपुर से जम्मू के लिए सुबह 4.30 बजे और कटरा के लिए सुबह 10.30 बजे बस रवाना होगी। नगरोटा बगवां से बैजनाथ-जम्मू बस दोपहर 3.13 बजे और कुल्लू-जम्मू बस सुबह 6.55 बजे चलेगी। धर्मशाला से उधमपुर के लिए सुबह 9.40 बजे बस उपलब्ध होगी, जबकि पठानकोट से शिमला-कटरा बस शाम 4.10 बजे और दियोटसिद्ध-कटरा बस सुबह 4.40 बजे चलेगी।

एचआरटीसी मंडल कांगड़ा-चम्बा के डीएम पंकज चड्ढा ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए निगम ने बस सेवा को बहाल कर दिया है। निगम का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *