ग्राम पंचायत कोटड़ी व्यास ने डीएफओ ऐश्वर्या राज को दी शुभकामनाएं

पांवटा साहिब, 21 अगस्त।
ग्राम पंचायत कोटड़ी व्यास के प्रधान सुरेश कुमार व स्थानीय लोगों ने आज वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) ऐश्वर्या राज, आईएफएस को उनके अगले कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

लगभग 2.6 वर्षों के कार्यकाल में डीएफओ ऐश्वर्या राज ने पांवटा वन मंडल में कई महत्त्वपूर्ण कार्य किए। यमुना नदी किनारे विकसित पार्क, सतौन में पार्क निर्माण और विश्राम गृहों का जीर्णोद्धार उनके उल्लेखनीय कार्यों में शामिल हैं।

प्रधान सुरेश कुमार ने बताया कि पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महर्षि श्री वेदव्यास मंदिर को एमओईएफ एंड सीसी में शामिल करना एक ऐतिहासिक कदम रहा। इस मंदिर का संबंध महाभारत के रचयिता महर्षि वेदव्यास से है और इसे उनकी तपोस्थली भी माना जाता है। इसके जीर्णोद्धार और सृजन कार्य की राह भी अब कानूनी रूप से आसान हो गई है।

इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में बार-बार मिलने वाली कोबरा प्रजाति के सुरक्षित रेस्क्यू कार्य में भी डीएफओ ने विशेष रुचि दिखाई। किसानों और ग्रामीणों के हित में भी उनकी नीतियां व कार्यवाही हमेशा सकारात्मक रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐश्वर्या राज का मिलनसार और आध्यात्मिक स्वभाव उन्हें दूर-दराज़ के गांवों तक प्रिय बनाता है। ग्रामीणों ने उनके अगले पदस्थापन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके परिवार की मंगल कामना की।

इस अवसर पर डीएफओ ऐश्वर्या राज ने भी पांवटा साहिब क्षेत्र की जनता का धन्यवाद किया और कहा—“यहाँ के लोग सरल, ईमानदार और प्रकृति प्रेमी हैं। यही कारण है कि पांवटा साहिब प्रकृति की गोद में बसा एक शांत और सुंदर क्षेत्र है। मैं सदैव यहाँ के विकास के लिए अपनी भूमिका निभाने को तत्पर रहूँगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *