रुद्रप्रयाग
उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग में आज उस समय हंगामा मच गया, जब मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट और प्रशासन की रोक के बावजूद बड़ी संख्या में यात्री केदारनाथ धाम की ओर जाने पर अड़ गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई।
मौसम विभाग ने 12 से 14 अगस्त तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने इन तीन दिनों के लिए केदारनाथ धाम की यात्रा पर रोक लगाई है। बावजूद इसके, जानकारी के अभाव और जिद के चलते तीर्थयात्री लगातार सोनप्रयाग पहुंच रहे हैं।
गुरुवार सुबह भी हजारों की संख्या में यात्री सोनप्रयाग में जमा हो गए और केदारनाथ धाम जाने की अनुमति मांगने लगे। जब पुलिस ने उन्हें रोका तो यात्रियों ने आक्रोश में सोनप्रयाग में लगाए गए बैरियर तोड़ दिए और आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और यात्रियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की हुई। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस ने लाठियां फटकारीं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई और वे तितर-बितर हो गए।
रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि प्रशासन ने मौसम अलर्ट को देखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से बंद किया है। इसके बावजूद यात्री सोनप्रयाग पहुंचकर केदारनाथ जाने पर अड़े हुए थे। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन हंगामा बढ़ने पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
वहीं, इस मामले पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सुजाता पाल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रवेश द्वारों पर यात्रियों को नहीं रोका जा रहा है, लेकिन सोनप्रयाग पहुंचने पर उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है।
